हैदराबाद में तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन ने युवती को कुचला, 26 वर्षीय महिला की मौत; सांसद के बेटे पर आरोप

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के माधापुर इलाके में तेज रफ्तार लग्जरी एस्टन मार्टिन कार की चपेट में आने से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा 16 अगस्त को इनऑर्बिट मॉल के पास हुआ, जब महिला सड़क पार कर रही थी।

मृतका की पहचान भारती मुखी के रूप में हुई है। वह इनऑर्बिट मॉल स्थित लाइफस्टाइल स्टोर में काम करती थीं। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय वह अपनी सहकर्मी पूजा अशोक के साथ खाना लेने के बाद वापस काम पर लौट रही थीं।

सांसद के बेटे पर तेज रफ्तार से कार चलाने का आरोप

पुलिस ने दुर्घटना के समय कार चला रहे 21 वर्षीय लिंगमनेनी संजुश की पहचान की है। वह राज्यसभा सदस्य लिंगमनेनी रमेश के बेटे बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, संजुश पर तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाने का आरोप है।

हादसे के बाद भारती के सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया। उन्हें तत्काल जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ड्रंक एंड ड्राइव और ड्रग टेस्ट कराया गया

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया और उसका ड्रंक एंड ड्राइव तथा ड्रग टेस्ट कराया गया। इसके अलावा खून के नमूने भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा गया है।

दुर्घटना में शामिल एस्टन मार्टिन कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

FIR में BNS की धारा 106(1) के तहत केस

माधापुर पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के मुताबिक, दुर्घटना 16 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे इनऑर्बिट मॉल के सामने हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 106(1) के तहत अपराध संख्या 1238/2026 दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। ACP सीएच श्रीधर ने बताया कि आरोपी को नोटिस जारी किया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

फिलहाल पुलिस FSL रिपोर्ट, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और दुर्घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों का इंतजार कर रही है।