फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ की स्टारकास्ट शुक्रवार को देहरादून पहुंची, जहां कलाकारों ने मीडिया और प्रशंसकों से मुलाकात की। कार्यक्रम में अभिनेत्री हुमा कुरैशी, अभिनेता रचित सिंह, मरुधर शेखावत, निर्देशक नचिकेत सामंत और निर्माता साकिब सलीम शामिल हुए। सभी ने फिल्म को मिल रहे सकारात्मक रिस्पॉन्स पर खुशी जताई और देहरादून के दर्शकों का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
मीडिया से बातचीत में हुमा कुरैशी ने कहा कि किसी भी फिल्म की असली सफलता केवल बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों से नहीं, बल्कि दर्शकों के प्यार और उनकी प्रतिक्रिया से तय होती है। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह में फिल्म को देश के कई शहरों में शानदार प्रतिक्रिया मिली है और कई जगह इसके शो हाउसफुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब दर्शक किसी फिल्म को इतना स्नेह देते हैं, तो कलाकारों का भी कर्तव्य बनता है कि वे उनके बीच पहुंचकर उनका आभार व्यक्त करें।
हुमा ने देहरादून के दर्शकों का तीन बार “शुक्रिया” कहते हुए कहा कि यहां मिले प्यार और अपनत्व ने पूरी टीम का उत्साह बढ़ा दिया है।
फिल्म की टीम इन दिनों अपने ‘इंडिया दर्शन’ अभियान के तहत देश के विभिन्न शहरों का दौरा कर रही है और इसी क्रम में देहरादून भी इस यात्रा का हिस्सा बना। निर्देशक नचिकेत सामंत ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं को जोड़ने का भी जरिया है। उन्होंने कहा कि जब दर्शक किसी कहानी और उसके पात्रों से जुड़ जाते हैं, तो वही फिल्म की सबसे बड़ी सफलता होती है।
निर्माता साकिब सलीम ने भी उत्तराखंड के दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फिल्म निर्माण एक लंबी और चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया है, लेकिन जब दर्शक किसी फिल्म को अपनाते हैं तो पूरी टीम की मेहनत सफल हो जाती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के दर्शकों ने हमेशा अच्छी फिल्मों को सराहा है और ‘बेबी डू डाई डू’ को लेकर भी यहां बेहद सकारात्मक माहौल देखने को मिला है।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने प्रशंसकों से सीधे संवाद किया और फिल्म की शूटिंग से जुड़े कई अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि फिल्म को लेकर दर्शकों से मिल रही प्रतिक्रियाओं का वे लगातार अध्ययन कर रहे हैं और भविष्य में भी ऐसी कहानियां लेकर आने का प्रयास करेंगे, जो लोगों से भावनात्मक रूप से जुड़ सकें।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में फिल्म प्रेमी और प्रशंसक मौजूद रहे। लोगों ने कलाकारों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और फिल्म को लेकर अपने अनुभव साझा किए। कलाकारों ने कहा कि दर्शकों की तालियां और उनका स्नेह किसी भी पुरस्कार से अधिक महत्वपूर्ण होता है।
स्टारकास्ट ने कहा कि देहरादून की गर्मजोशी, यहां के लोगों का अपनापन और मिला भरपूर समर्थन उनकी इस यात्रा को यादगार बना गया। टीम का कहना है कि दर्शकों का यही विश्वास उन्हें आगे भी बेहतर और सार्थक सिनेमा बनाने की प्रेरणा देता रहेगा।













