चंपावत: जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। इस यूनिट के शुरू होने से जिले में पहली बार मरीजों को स्थानीय स्तर पर रक्त के अलग-अलग घटक उपलब्ध हो सकेंगे। इससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा और दूसरे जिलों पर निर्भरता कम होगी।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया गया है। इसके अलावा CT स्कैन, MRI और डायलिसिस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत में सड़क, पेयजल, पार्किंग और ड्रेनेज जैसी आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। जिले में 240 करोड़ रुपये से अधिक की पेयजल परियोजनाओं और 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सिटी ड्रेनेज सिस्टम पर काम चल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट यूनिट से गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर जरूरी रक्त घटक उपलब्ध होंगे और उन्हें दूसरे जिलों के अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत कम होगी।













