पूर्व प्रमुख कुन्दन सिंह बथियाल के निधन पर कांग्रेस में शोक की लहर

देहरादून, 05 जून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रमुख कुन्दन सिंह बथियाल के सड़क दुर्घटना में हुए आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

अपने शोक संदेश में दोनों नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय कुन्दन सिंह बथियाल कांग्रेस पार्टी के कर्मठ, निष्ठावान एवं वरिष्ठ नेताओं में से एक थे। उनका असमय निधन कांग्रेस पार्टी और क्षेत्रीय समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि बथियाल का पूरा जीवन जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहा। ब्लॉक प्रमुख के रूप में क्षेत्र के विकास हेतु किए गए उनके योगदान और प्रयासों को सदैव याद रखा जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार उनके परिजनों के साथ खड़ा है।

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी की अध्यक्षता में एक शोकसभा आयोजित की गई। शोकसभा में उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय कुन्दन सिंह बथियाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

कांग्रेसजनों ने कहा कि कुन्दन सिंह बथियाल के निधन से संगठन एवं क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। उनका असमय चले जाना कांग्रेस परिवार और उनके शुभचिंतकों के लिए अत्यंत दुखद है।

शोकसभा में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, महामंत्री राजेन्द्र शाह, नवीन जोशी, अजय सिंह, गोदावरी थपली, प्रवक्ता अभिनव थापर, अमेन्द्र बिष्ट, अश्विनी बहुगुणा, सुरेन्द्र सिंह रांगड़, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, मनीष नागपाल, प्रीतम सिंह आर्य, सुनीत सिंह राठौर, अखिलेश उनियाल, टीका राम पाण्डेय, मनीष गौनियाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।