Federal Bureau of Investigation (FBI) ने Arcadia शहर की मेयर Eileen Wang पर चीन के लिए अवैध एजेंट के रूप में काम करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले के सामने आने के बाद अमेरिकी प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, ईलीन वांग ने वर्ष 2020 से 2022 के बीच चीन सरकार के अधिकारियों के निर्देश पर अमेरिका में चीन समर्थक गतिविधियों और प्रचार को बढ़ावा देने में मदद की। मामले में संघीय अदालत में केस दर्ज किया गया है।
FBI की जांच में सामने आया कि वांग ने Yaoning ‘Mike’ Sun नाम के व्यक्ति और अन्य लोगों के साथ मिलकर चीन समर्थक प्रोपेगैंडा फैलाने का काम किया। इसके लिए कथित तौर पर “US News Center” नाम की वेबसाइट का इस्तेमाल किया गया, जिसे चीनी-अमेरिकी समुदाय के लिए एक समाचार मंच बताया जाता था।
जांच एजेंसियों का कहना है कि इस वेबसाइट पर चीन सरकार के निर्देश पर सामग्री प्रकाशित की जाती थी। आरोप है कि जून 2021 में चीन के एक अधिकारी ने वीचैट के जरिए पहले से तैयार लेख वांग और अन्य लोगों को भेजे थे, जिन्हें अमेरिका में प्रकाशित कराने की कोशिश की गई।
58 वर्षीय ईलीन वांग ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार कर लिया है। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, इस अपराध में अधिकतम 10 साल तक की सजा हो सकती है।
वांग को Los Angeles स्थित अमेरिकी जिला अदालत में पेश किया जाना है, जहां वह औपचारिक रूप से अपना अपराध स्वीकार कर सकती हैं।
मामले के सार्वजनिक होने के बाद वांग ने आर्केडिया सिटी काउंसिल और मेयर पद से इस्तीफा दे दिया है।
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सहायक अटॉर्नी जनरल John Eisenberg ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि विदेशी सरकार के प्रभाव में काम करने वाली व्यक्ति सार्वजनिक पद तक पहुंच गई।
वहीं, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया के प्रथम सहायक अमेरिकी अटॉर्नी Bill Essayli ने कहा कि विदेशी सरकारों के लिए गुप्त रूप से काम करने वाले लोग अमेरिकी लोकतंत्र को कमजोर करते हैं।
FBI के काउंटरइंटेलिजेंस विभाग के सहायक निदेशक Roman Rozhavsky ने इस मामले को अमेरिका की लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया।















