रुद्रप्रयाग, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग रुद्रप्रयाग के तत्वावधान में संगम व्यू प्वाइंट एवं जवाड़ी बाइपास क्षेत्र में स्वच्छता, जन-जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, उप वन संरक्षक (डीएफओ) रजत सुमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प भी लिया।
जनपद पुलिस की ओर से भी विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस लाइन, कोतवाली एवं अन्य पुलिस परिसरों में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग द्वारा जवाड़ी बाइपास के निकट वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी, डीएफओ और उनकी पूरी टीम ने कार्यक्रम में भाग लेकर पौधारोपण किया।
एसपी नीहारिका तोमर ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।










