नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को जनपद नैनीताल के भ्रमण पर पहुंचे। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया में क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री के राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी पहुंचने पर हैलीपैड में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और स्थानीय समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
CM धामी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए उनके समाधान की नियमित निगरानी भी की जाए।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन RCC कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया। इस पुल के निर्माण पर 993 लाख रुपये यानी करीब 9.93 करोड़ रुपये की लागत आई है।
शेर नाला मानसून के दौरान उफान पर आ जाता था, जिससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित होता था। पानी बढ़ने पर स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था।
नए पुल के निर्माण से मानसून के दौरान आवागमन बाधित होने की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। इससे चोरगलिया और आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर और सुगम यातायात सुविधा मिलेगी।
पुल के लोकार्पण पर क्षेत्रीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















