सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित सफर और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों पर मंगलवार को जनपद भर में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत जनपद के सभी पुलिस उपाधीक्षक, यातायात निरीक्षक तथा कोतवाली एवं थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मोर्चा संभालते हुए वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाना तथा आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन संचालन जैसे मामलों में मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालान किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा स्थानीय नागरिकों और यात्रियों की यात्रा को अधिक सुरक्षित बनाना है।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने कहा कि जनपद में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।












