नौतपा का असर अब उत्तराखंड में भी साफ दिखाई देने लगा है। भीषण गर्मी ने मैदानी इलाकों में लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए देहरादून और हरिद्वार में लू का अलर्ट जारी किया है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है।
नौतपा के पहले दिन मैदानी जिले सबसे अधिक तपे। रुड़की में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि देहरादून का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। तेज गर्मी और लू के थपेड़ों से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पर्यटन, अस्पताल, परिवहन और बाजारों पर भी इसका असर दिखने लगा है।
राजधानी देहरादून के बाजारों में भी गर्मी का असर नजर आ रहा है। पलटन बाजार समेत कई प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा है, जबकि रोडवेज की साधारण बसें खाली चल रही हैं। सार्वजनिक परिवहन और व्यापारिक गतिविधियां भी सुस्त पड़ती दिखाई दे रही हैं।
गर्मी का असर देहरादून जू में आने वाले पर्यटकों की संख्या पर भी पड़ा है। जू इंचार्ज विनोद लिंगवाल के अनुसार, 10 मई को लगभग 7 हजार पर्यटक पहुंचे थे, लेकिन यह संख्या लगातार घटती गई। 24 मई तक पर्यटकों की संख्या घटकर करीब 5 हजार रह गई। इससे जू की आय पर भी प्रभाव पड़ा है।
भीषण गर्मी का असर जू के जानवरों पर भी देखने को मिल रहा है। जानवरों को गर्मी से राहत देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। भालुओं के बाड़ों में तालाब बनाए गए हैं, जिनमें लगातार ताजा पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि बाघ पानी के टैंकों में समय बिता रहे हैं। वहीं गुलदारों के लिए बाड़ों में कूलर लगाए गए हैं।












