चमोली में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, तीन की मौत, तीन घायल

उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल ब्लॉक में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवाल क्षेत्र के ल्वाणी गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुआ। कार में सवार सभी लोग देहरादून से देवाल ब्लॉक के वाक गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ल्वाणी गांव के समीप वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया और वाहन खाई में गिर गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ (DDRF) की टीम तथा स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।