ऋषिकेश। ग्रीष्मकालीन अवकाश की शुरुआत के साथ ही तीर्थनगरी ऋषिकेश में पर्यटन गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। चारधाम यात्रा के बीच अब अवकाश मनाने पहुंचे पर्यटकों की आमद से शहर के होटल, रिसॉर्ट और कैंप पर्यटकों से गुलजार हो गए हैं।
शनिवार को तपोवन, स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला और मुनिकीरेती क्षेत्र के अधिकांश प्रमुख होटलों में बुकिंग पूरी तरह भर गई। वहीं, शिवपुरी, मोहनचट्टी और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्थित एडवेंचर कैंपों में भी पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। इससे स्थानीय पर्यटन और आतिथ्य कारोबार को नया संबल मिला है।
चारधाम यात्रा के चलते पिछले एक महीने से ऋषिकेश में तीर्थयात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी बीच शनिवार से उत्तराखंड सहित कई राज्यों में स्कूलों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियां शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक भी ऋषिकेश पहुंचने लगे हैं।
शनिवार सुबह से ही शहर में पर्यटक वाहनों की आवाजाही में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। हरिद्वार और देहरादून मार्ग से देर रात तक पर्यटकों के वाहन ऋषिकेश पहुंचते रहे। दोपहर तक अधिकांश प्रमुख होटलों की बुकिंग पूरी तरह भर चुकी थी, जबकि रविवार के लिए भी अधिकांश होटलों में अग्रिम आरक्षण हो चुका है।
पर्यटकों की पहली पसंद बने तपोवन और लक्ष्मणझूला क्षेत्र अपने प्राकृतिक सौंदर्य, शांत वातावरण और आध्यात्मिक माहौल के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। बढ़ती पर्यटक संख्या से होटल एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है।
पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि आगामी दिनों में पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन उद्योग को और मजबूती मिलेगी।











