पहाड़ों में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, मसूरी-नैनीताल में जाम से बढ़ी परेशानी

उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड के पर्वतीय पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल इन दिनों पर्यटकों से खचाखच भरे हुए हैं। मसूरी, नैनीताल, धनौल्टी, चकराता, रानीखेत, टिहरी और औली में सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक पर्यटक पहुंच रहे हैं।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण मसूरी और नैनीताल में ट्रैफिक जाम बड़ी समस्या बन गया है। सड़कों पर घंटों तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे सैलानियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने दोनों पर्यटन स्थलों पर शटल सेवा की व्यवस्था भी की है।

मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी के बीच उत्तराखंड का ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। बुधवार को अकेले नैनीताल में ही सात हजार से अधिक पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान लगाया गया। हालांकि वीकेंड न होने के कारण मुख्य मार्गों पर यातायात सामान्य रहा, लेकिन शहर के भीतर माल रोड समेत कई आंतरिक सड़कों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।

पार्किंग स्थलों की कमी के चलते मस्जिद चौराहा, चिड़ियाघर रोड और मेट्रोपोल रोड पर कई बार यातायात बाधित हुआ। वहीं हल्द्वानी, कालाढूंगी और भवाली मार्ग पर भी वाहन रेंगते नजर आए। नैनीताल झील में नौकायन का आनंद लेने के लिए भी पर्यटकों की लंबी कतारें लगी रहीं।

होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पीआरओ रुचिर साह के अनुसार, इस बार कैंची धाम के प्रति बढ़ती आस्था के कारण गुजरात से आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उधर मसूरी में भी होटल और गेस्ट हाउस लगभग पूरी तरह पैक रहे, जिससे पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं।