Advertisement

मुनकटिया में लैंडस्लाइड बना काल: बोलेरो पर गिरा भारी बोल्डर, दो की मौत, तीन घायल

चारधाम यात्रा मार्ग पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला गौरीकुंड मार्ग के मुनकटिया स्लाइडिंग जोन का है, जहां सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

बोलेरो वाहन पर गिरा पहाड़ी पत्थर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, UK 11 TA 1100 नंबर की मैक्स बोलेरो वाहन सुबह करीब 7:15 बजे सोनप्रयाग से गौरीकुंड की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन मुनकटिया लैंडस्लाइड जोन के समीप पहुँचा, ऊपर से एक बड़ा बोल्डर सीधे वाहन पर आ गिरा। वाहन में उस समय कुल 11 यात्री सवार थे, जिनमें से दो की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्री:

  1. रीता देवी, उम्र 30 वर्ष, पत्नी उदय सिंह
  2. चंद्र सिंह, उम्र 50 वर्ष, पुत्र कलम सिंह
    (दोनों निवासी: सियालब, थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी)

घायल यात्रियों की स्थिति:

  1. नवीन सिंह रावत, उम्र 35 वर्ष
  2. ममता, उम्र 29 वर्ष
  3. प्रतिभा, उम्र 25 वर्ष
    (सभी घायल भी सियालब, थाना बड़कोट, उत्तरकाशी से ही हैं)

घायलों को तत्काल मौके पर मौजूद रेस्क्यू टीम और स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से सोनप्रयाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है

हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुँचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मुनकटिया क्षेत्र को पहले से ही भूस्खलन संभावित क्षेत्र घोषित किया गया है, बावजूद इसके यात्रियों का लगातार आना-जाना जारी है।

क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे पहाड़ी पर मिट्टी व पत्थर खिसकने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम अपडेट देखते हुए ही यात्रा करें और भूस्खलन-प्रवण क्षेत्रों से गुजरते समय पूरी सावधानी बरतें।

जैसे ही मृतकों की सूचना उनके पैतृक गांव सियालब में पहुँची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन बेहद स्तब्ध हैं और प्रशासन से उचित सहायता की मांग कर रहे हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।