नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। संक्रमण के कारण सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती सोनिया गांधी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है और उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
अस्पताल प्रशासन द्वारा गुरुवार को जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, उन्हें 24 मार्च की रात करीब 10:22 बजे भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें हल्का बुखार और संक्रमण की शिकायत थी। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी।
डॉक्टरों के मुताबिक, सोनिया गांधी को संक्रमण के इलाज के लिए एंटीबायोटिक्स दी जा रही हैं और दवाओं का उन पर अच्छा असर हो रहा है। वर्तमान में वह विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम की निगरानी में हैं, जो उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सूत्रों के अनुसार, एहतियात के तौर पर उन्हें अभी कुछ दिनों तक अस्पताल में ही रखा जाएगा। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही उन्हें छुट्टी देने पर निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से सोनिया गांधी अपनी सेहत को लेकर सतर्क रही हैं और नियमित जांच के लिए अस्पताल आती रही हैं।














