अमेरिका के Colorado राज्य में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्यूब्लो के दक्षिण में स्थित Interstate 25 पर 30 से अधिक वाहनों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और 29 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, इस भीषण दुर्घटना में छह सेमी-ट्रेलर ट्रक भी शामिल थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर मलबा बिखर गया।
Colorado State Patrol ने बताया कि तेज हवाओं के कारण उड़ती धूल से ‘ब्राउन आउट’ जैसी स्थिति बन गई थी। सुबह करीब 10 बजे दृश्यता लगभग शून्य हो गई, जिससे ड्राइवरों को सामने कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। इसी कारण एक के बाद एक वाहन आपस में टकराते चले गए।
पैट्रोल की प्रवक्ता ट्रूपर शेरी मेंडेज ने कहा कि कम दृश्यता हादसे का प्रमुख कारण हो सकती है, हालांकि अन्य संभावित कारकों की भी जांच की जा रही है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक, 29 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल उनकी चोटों की गंभीरता के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। राहत और बचाव कार्य के दौरान हाईवे के कुछ हिस्सों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।
मंगलवार को कोलोराडो के पूर्वी हिस्से में तेज हवाएं चल रही थीं। गर्म और शुष्क मौसम के साथ मिलकर इन हवाओं ने जंगल की आग का खतरा बढ़ा दिया। इसी वजह से Denver International Airport पर कई उड़ानों में देरी भी हुई।
वहीं राज्य के पश्चिमी हिस्से में बर्फबारी हो रही है, जिससे पहाड़ी इलाकों को जरूरी बर्फ मिल रही है। मौसम के इस दोहरे प्रभाव ने पूरे राज्य में यातायात और जनजीवन पर असर डाला है।















