देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया गया। राजधानी देहरादून से मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर “संकल्प से सिद्धि: विकसित उत्तराखंड, बेमिसाल विकास और नई पहल के चार वर्ष” विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
हरिद्वार के ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
इस दौरान 50 लाभार्थियों को ₹56.13 लाख के चेक, 40 महिलाओं को महालक्ष्मी किट और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।
चम्पावत में 40 से अधिक विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और लाभार्थियों को सहायता प्रदान की।
नैनीताल के हल्द्वानी में प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ किया।
ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम में 1530 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता वितरित की गई।
उत्तरकाशी में विधायक सुरेश चौहान ने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित करने के प्रयासों को रेखांकित किया।
बागेश्वर में बहु-विभागीय शिविर के जरिए लाभार्थियों को आर्थिक सहायता और उपकरण वितरित किए गए।
रुद्रप्रयाग में विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी दी और स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया।
चमोली में तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत 254 लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी और लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।
पूरे प्रदेश में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार ने अपनी चार वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से सीधे जोड़ने का प्रयास किया।














