ब्रैम्पटन। ब्रैम्पटन में गैंगवार से जुड़ी एक गंभीर घटना सामने आई है। भारतीय मूल के व्यक्ति रवि ढींडसा के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस घटना की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग और गोल्डी बराड़ गैंग ने ली है। गैंग से जुड़े सदस्यों महेंद्र डेलाना और सनी यामा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि उन्होंने ही यह हमला करवाया है।
गैंग की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि रवि ढींडसा ने उनके फोन का जवाब नहीं दिया, जिसके चलते यह कदम उठाया गया। साथ ही धमकी दी गई कि यदि 24 घंटे के भीतर संपर्क नहीं किया गया तो अगली बार घर में घुसकर सीधे गोली मार दी जाएगी।
पोस्ट में यह भी कहा गया कि उनके विरोधी सतर्क रहें और “जल्द मुलाकात होगी”, जिससे गैंगवार के और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
बताया जा रहा है कि रोहित गोदारा गैंग हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से अलग होकर सक्रिय हुआ है और उगाही, फायरिंग जैसी घटनाओं में शामिल रहा है। कनाडा में पिछले कुछ समय से भारतीय मूल के गैंगस्टरों के बीच टकराव बढ़ता देखा जा रहा है।
हालांकि स्थानीय पुलिस की ओर से अभी तक इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन वायरल वीडियो और ऑडियो क्लिप के आधार पर मामले को गंभीर माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और जांच जारी है।
यह घटना विदेशों में फैलती गैंगवार की एक और कड़ी के रूप में देखी जा रही है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।














