Advertisement

बेंगलुरु के राजाजीनगर में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बैंक कर्मचारी की मौत, CCTV फुटेज आया सामने

सिलिकॉन सिटी के नाम से मशहूर बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। राजाजीनगर इलाके में मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 26 वर्षीय महिला कर्मचारी की मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावह तस्वीर कैद है।

मृतका की पहचान योगेश्वरी के रूप में हुई है, जो HDFC Bank की कर्मचारी थीं। वह राजाजीनगर स्थित शाखा में तैनात थीं। पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे उस समय हुआ जब योगेश्वरी लंच लेने के लिए दफ्तर से बाहर निकली थीं।

बताया जा रहा है कि वह एचडीएफसी होम लोन ऑफिस के सामने सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि योगेश्वरी कई फीट दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन गंभीर अंदरूनी चोटों और अधिक रक्तस्राव के चलते योगेश्वरी ने रात करीब 11:30 बजे दम तोड़ दिया। पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बाइक सवार को तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए देखा जा सकता है। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि सड़क के डिवाइडर के पास योगेश्वरी और एक अन्य महिला सड़क पार करने की कोशिश कर रही थीं। जैसे ही योगेश्वरी आगे बढ़ती हैं, तभी तेज गति से आई बाइक उन्हें टक्कर मार देती है। टक्कर के बाद वह हवा में उछलकर दूर जा गिरती हैं, जबकि बाइक सवार भी सड़क पर गिर जाता है।

इस हादसे के बाद राजाजीनगर इलाके के निवासियों और बैंक कर्मचारियों में गहरा रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त इलाकों में भी वाहन चालक गति सीमा का पालन नहीं करते। दोपहर के समय भी तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाए जाते हैं, जिससे पैदल चलने वालों की जान जोखिम में रहती है।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में सख्त ट्रैफिक निगरानी, स्पीड ब्रेकर और सीसीटीवी मॉनिटरिंग बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।