‘धुरंधर: द रिवेंज’ पर विवाद, पाकिस्तानी नेता नबील गबोल ने उठाए सवाल

मुंबई। धुरंधर: द रिवेंज सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने रिलीज के महज चार दिनों में दुनियाभर में 751 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। हालांकि फिल्म की सफलता के बीच अब यह विवादों में भी घिरती नजर आ रही है।

फिल्म को लेकर पाकिस्तान में बहस छिड़ गई है। पाकिस्तानी नेता नबील गबोल ने दावा किया है कि फिल्म में दिखाया गया एक किरदार उन पर आधारित है, जिसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

नबील गबोल ने एक इंटरव्यू में कहा कि फिल्म में राकेश बेदी द्वारा निभाया गया ‘जमील जमाली’ का किरदार उन्हीं से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस किरदार को फिल्म में डरपोक और चापलूस दिखाया गया है, जबकि उनकी वास्तविक छवि एक मजबूत और प्रभावशाली नेता की रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म में ‘एमएनए 2007’ का जिक्र किया गया है और उस समय वह खुद उस क्षेत्र से सांसद थे। गबोल का आरोप है कि मेकर्स ने मानहानि से बचने के लिए उनका नाम बदल दिया।

गबोल ने फिल्म के कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इसमें कराची के ल्यारी इलाके को गलत तरीके से दिखाया गया है। उनके अनुसार, वहां की भाषा और सांस्कृतिक वास्तविकता को सही ढंग से प्रस्तुत नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि ल्यारी को आतंकवाद का गढ़ दिखाना तथ्यात्मक रूप से गलत है।

इस विवाद के बीच सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कई यूजर्स का कहना है कि पहले नबील गबोल इस किरदार को खुद से जोड़ते थे, लेकिन अब फिल्म के दूसरे भाग के बाद उससे दूरी बना रहे हैं।

वहीं, राकेश बेदी ने भी हाल ही में संकेत दिया था कि फिल्म में उनके किरदार का अंत ऐसा है, जिसके बाद लोग उससे खुद को जोड़ने से बचेंगे।

विवादों के बावजूद धुरंधर: द रिवेंज की कमाई पर कोई असर नहीं दिख रहा है। फिल्म लगातार रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर रही है और फिलहाल सिनेमाघरों में दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है।