Advertisement

बिग बी के पड़ोसी का वीडियो वायरल, अमिताभ बच्चन से मुलाकात की जताई इच्छा

मुंबई: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या टीवी शो नहीं, बल्कि उनके पड़ोसी द्वारा शेयर किया गया एक भावुक वीडियो है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पड़ोसी ने अमिताभ बच्चन को धन्यवाद कहते हुए उनसे मिलने की इच्छा जाहिर की है।

अमिताभ बच्चन पिछले 55 वर्षों से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और आज भी उतनी ही ऊर्जा के साथ काम कर रहे हैं। 83 वर्ष की उम्र में भी वह फिल्मों के साथ-साथ लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की मेजबानी कर रहे हैं। इसके अलावा हर रविवार को अपने घर ‘जलसा’ के बाहर आकर फैंस का अभिवादन करना उनका वर्षों पुराना रिवाज है। सैकड़ों प्रशंसक सिर्फ उनकी एक झलक पाने के लिए वहां जुटते हैं।

इसी बीच इंस्टाग्राम पर निर्मित जेसरानी नाम के एक शख्स ने वीडियो साझा किया है। उन्होंने दावा किया कि वह अमिताभ बच्चन के पड़ोसी हैं और कई बार संडे ग्रीटिंग के दौरान उनके वीडियो में भी नजर आ चुके हैं। वायरल वीडियो में बिग बी फैंस का अभिवादन कर रहे होते हैं और कैमरा उनके पीछे खड़े निर्मित पर ज़ूम करता है।

वीडियो संदेश में निर्मित ने कहा,
“अमिताभ बच्चन सर, मैं आपका पड़ोसी हूं। हम आपके बेहद आभारी हैं। हर रविवार जब आप प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं, तो हमें भी देखकर हाथ हिलाते हैं। हमारी मौजूदगी को स्वीकार करते हैं। आपकी विनम्रता और स्नेह शब्दों से परे हैं। अगर मुझे आपसे मिलने का अवसर मिले तो मैं खुद को भाग्यशाली मानूंगा।”

निर्मित के इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स भी दिलचस्प प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “हम तो सिर्फ गेट के बाहर खड़े रहते हैं, आप तो पड़ोसी निकले!” वहीं दूसरे ने मजाकिया अंदाज़ में कहा, “कभी चीनी मांगने चले जाइए, पड़ोसियों से ऐसे ही मिला जाता है।”

यह वीडियो न सिर्फ वायरल हो रहा है, बल्कि अमिताभ बच्चन की सादगी और अपने प्रशंसकों के प्रति उनके लगाव को भी दर्शा रहा है। अब फैंस को इंतजार है कि क्या बिग बी अपने इस पड़ोसी की मुलाकात की ख्वाहिश पूरी करेंगे।