नई दिल्ली। ईद को लेकर विवादास्पद बयान देने वाले तौकीर निजामी पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने सख्त कार्रवाई की है। पार्टी ने उन्हें प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
तौकीर निजामी ने हाल ही में एक बयान में मुस्लिम समाज से अपील की थी कि ईद के मौके पर केवल अपने समुदाय के लोगों से ही सामान खरीदा जाए। इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में विवाद खड़ा हो गया।
AIMIM ने इस बयान को गंभीरता से लेते हुए इसे अनुशासनहीनता और पार्टी की विचारधारा के खिलाफ बताया। पार्टी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि इस तरह के बयान गैर-जिम्मेदाराना, उकसाने वाले और समाज में विभाजन पैदा करने वाले हैं। यह न केवल पार्टी के सिद्धांतों के विरुद्ध है, बल्कि भारतीय संविधान की उस भावना के भी खिलाफ है, जो समानता, न्याय और साम्प्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देती है।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह धर्म या समुदाय के आधार पर किसी भी प्रकार के भेदभाव या आर्थिक बहिष्कार का समर्थन नहीं करती। इसी को ध्यान में रखते हुए नेतृत्व ने कड़ा कदम उठाते हुए तौकीर निजामी को प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने का फैसला लिया।
वहीं, इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए तौकीर निजामी ने कहा कि उन्हें अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से बातचीत करेंगे।
AIMIM ने अपने बयान में यह भी दोहराया कि भविष्य में किसी भी प्रकार का असंवैधानिक या समाज में विभाजन फैलाने वाला बयान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।














