नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेताओं के आह्वान पर आज दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे के साथ एक विशाल महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है।
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि यह महारैली भारतीय जनता पार्टी की दमनकारी नीतियों के विरोध में आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और वरिष्ठ नेताओं के अथक प्रयासों से प्रदेश से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे हैं।
महारैली में उत्तराखंड से प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भंडारी, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, पूर्व मंत्री अजय सिंह, राजेन्द्र शाह, विकास नेगी सहित पार्टी के सभी विधायक, जिला एवं महानगर अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह महारैली लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए आयोजित की गई है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मौजूदा केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और जनता की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। रैली के माध्यम से कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष का संदेश दिया है।















