हल्द्वानी। जनपद नैनीताल जिला के हल्द्वानी भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामपुर रोड स्थित पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक अस्पताल का उद्घाटन नहीं, बल्कि दृढ़ निश्चय, संघर्ष और सेवा की प्रेरक यात्रा का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने संस्थान के संस्थापक जगदीश सिंह पिमोली को बधाई देते हुए कहा कि जनपद बागेश्वर जिला के गागरी गोल गांव से निकलकर उन्होंने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान स्थापित की है। एक साधारण ग्रामीण परिवेश से शुरू हुई उनकी यात्रा आज 250 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल तक पहुंची है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल प्रदेश को चिकित्सा उत्कृष्टता के क्षेत्र में और सशक्त बनाएगा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि बेटियों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने के लिए यह राष्ट्रव्यापी पहल भविष्य की पीढ़ियों को स्वस्थ जीवन प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत 61 लाख से अधिक नागरिकों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। निःशुल्क जांच योजना के अंतर्गत 207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचें बिना शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जनपद ऊधम सिंह नगर जिला में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्रवासियों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के “विकल्प रहित संकल्प” के साथ सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में सांसद नैनीताल-ऊधमसिंह नगर अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने होली गायन में भी सहभागिता की और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।















