Advertisement

अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 10 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने नेपाल, भारत और श्रीलंका से जुड़े एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में करीब 10 करोड़ रुपये की नशीली दवाएं बरामद की गई हैं। साथ ही दो कार, एक मोटरसाइकिल और एक मछली पकड़ने वाली नाव भी जब्त की गई है। मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक श्रीलंकाई शरणार्थी भी शामिल है।

एनसीबी के अनुसार, यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान और केंद्रीय गृह मंत्री के निर्देशों के तहत की गई। इस ऑपरेशन को एनसीबी की चेन्नई जोनल यूनिट ने हैदराबाद जोनल यूनिट के साथ मिलकर अंजाम दिया।

विश्वसनीय सूचना के आधार पर 3 मार्च 2026 को एनसीबी हैदराबाद की टीम ने तेलंगाना में बेंगलुरु–हैदराबाद हाईवे पर रैकल टोल प्लाजा के पास एक टाटा सफारी स्टॉर्म कार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खानों से 2 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इस मामले में दिल्ली और उत्तर प्रदेश के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह चरस और करीब 78 किलोग्राम हैशिश ऑयल नेपाल के काठमांडू से सोनाौली भारत-नेपाल सीमा के रास्ते भारत लाया गया था।

जांच में पता चला कि तस्करों ने हैशिश ऑयल की खेप को पहले ही तमिलनाडु के तूतीकोरिन पहुंचा दिया था, जहां से इसे समुद्री रास्ते से श्रीलंका भेजने की योजना थी। सूचना मिलने पर एनसीबी चेन्नई की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से करीब 77.60 किलोग्राम हैशिश ऑयल बरामद किया।

तस्कर इस खेप को मिड-सी ट्रांसफर के जरिए समुद्र में ही श्रीलंका के रिसीवर को सौंपने वाले थे। इसके लिए मछली पकड़ने वाली नाव का इस्तेमाल किया जाना था। भारतीय तटरक्षक बल की मदद से अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास संदिग्ध नाव को रोककर जब्त कर लिया गया, जिससे तस्करी की कोशिश नाकाम हो गई।

जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का अंतिम रिसीवर श्रीलंका में बैठा एक नागरिक है, जिसने नेपाल से श्रीलंका तक ड्रग की खेप पहुंचाने के लिए वित्तीय मदद और समन्वय किया था। एनसीबी अब इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह के बाकी सदस्यों, उनके वित्तीय लेनदेन और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

एनसीबी चेन्नई के मुताबिक, इस वर्ष की शुरुआत से अब तक एजेंसी ने 973.35 किलोग्राम गांजा, 87.64 किलोग्राम हैशिश ऑयल और 1.045 किलोग्राम एम्फेटामिन जब्त किया है। इन मामलों में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जब्त नशीले पदार्थों की कुल कीमत करीब 12.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा इस साल पहले के मामलों में तीन केसों में आठ आरोपियों को सजा भी सुनाई जा चुकी है।