Advertisement

देशभर में धूमधाम से मनाई जा रही होली, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं

रंगों के पर्व होली को लेकर देशभर में उत्साह और उमंग का माहौल है। लोग एक-दूसरे को गुलाल और रंग लगाकर गले मिल रहे हैं तथा मिठाइयों के साथ पर्व की खुशियां साझा कर रहे हैं।

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। दोनों नेताओं ने अपने-अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल के माध्यम से संदेश जारी किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संदेश में कहा,

“सभी देशवासियों को मेरी ओर से होली की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्योहार लोगों के जीवन में प्रेम और आशा का संचार करता है तथा आपसी एकता व भाईचारे को मजबूत करता है। मेरी कामना है कि यह पर्व सबके जीवन में खुशियां लेकर आए और हम सब मिलकर एक विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को बधाई देते हुए कहा,

“सभी देशवासियों को होली की अनंत शुभकामनाएं। रंग और उमंग से भरा यह त्योहार सबके लिए खुशियों की बहार लेकर आए। हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता के रंगों की बौछार हो, यही कामना है।”

उन्होंने आगे कहा कि होली का त्योहार पूरे वातावरण में नई ऊर्जा भर देता है। चारों ओर बिखरे खुशियों के रंग हर किसी को उल्लास और आनंद से सराबोर कर देते हैं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने संस्कृत का एक श्लोक भी साझा किया, जिसमें प्रकृति और उत्सव के सौंदर्य का वर्णन किया गया है।

गौरतलब है कि होली का त्योहार आते ही पूरे देश का माहौल उत्साहपूर्ण हो जाता है। यह प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे का प्रतीक पर्व है। लोग घरों में गुजिया, मठरी और अन्य पारंपरिक व्यंजन बनाते हैं तथा रिश्तेदारों और मित्रों के साथ मिलकर इस पर्व को मनाते हैं।

शाम के समय लोग अपने परिजनों और परिचितों से मिलने उनके घर जाते हैं, जिससे रिश्तों में और भी मधुरता आती है।

उत्तर प्रदेश के मथुरा और वृंदावन की होली देश-विदेश में विशेष रूप से प्रसिद्ध है। यहां की लट्ठमार और फूलों की होली देखने के लिए देश-दुनिया से पर्यटक पहुंचते हैं।

रंगों का यह पावन पर्व एक बार फिर देशवासियों को प्रेम, एकता और सद्भाव का संदेश दे रहा है।