नई दिल्ली/बेंगलुरु। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारत के कुछ हिस्सों में भी दिखाई देने लगा है। कई शहरों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को लेकर दिक्कतें सामने आ रही हैं। इसी बीच बेंगलुरु में PG (पेइंग गेस्ट) एसोसिएशन ने गैस की बचत के लिए PG मालिकों के लिए कुछ नए निर्देश जारी किए हैं।
PG एसोसिएशन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी और कमर्शियल गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे गैस की कमी की स्थिति बन रही है। ऐसे में एसोसिएशन की कोर कमेटी ने गैस की खपत कम करने के लिए कुछ अस्थायी लेकिन जरूरी उपाय सुझाए हैं।
जारी निर्देशों के मुताबिक PG मालिकों को सोमवार से शुक्रवार तक केवल दो समय भोजन देने की सलाह दी गई है, जबकि शनिवार और रविवार को तीन समय भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा ऐसे खाद्य पदार्थ जिनके बनाने में अधिक गैस की खपत होती है—जैसे डोसा, पूरी और चपाती—को फिलहाल मेन्यू से हटाने की सलाह दी गई है।
एसोसिएशन ने यह भी निर्देश दिया है कि PG में रहने वालों को खुद खाना बनाने के लिए गैस उपलब्ध न कराई जाए। गैस की खपत कम करने के लिए PG मालिकों को इलेक्ट्रिक राइस कुकर का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है, खासतौर पर छोटे और मध्यम आकार के PG में। इसके लिए 20 लीटर क्षमता वाले इलेक्ट्रिक राइस कुकर उपयोग करने की सिफारिश की गई है।
इसके अलावा यह भी सुझाव दिया गया है कि आसपास के PG मिलकर सामूहिक रूप से खाना बनाएं, जिससे गैस का उपयोग कम हो सके और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग हो।
वहीं, बेंगलुरु में कमर्शियल सिलेंडर की कमी को लेकर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कर्नाटक की मुख्य सचिव से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। प्रतिनिधियों ने बताया कि गैस सप्लाई प्रभावित होने से कई होटल बंद होने की कगार पर हैं और सप्लाई पूरी तरह रोकने की बजाय इसे सीमित करने की मांग की।
बैंगलुरु होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुब्रह्मण्य होल्ला ने बताया कि बैठक में घरेलू गैस सप्लाई को पहले की तरह जारी रखने और उसकी अवधि 25 दिन तक बढ़ाने पर चर्चा हुई, लेकिन होटल उद्योग से जुड़े मुद्दों पर ज्यादा विस्तार से बात नहीं हो सकी। उन्होंने राज्य सरकार से केंद्र सरकार के सामने होटल उद्योग की समस्याओं को मजबूती से रखने की अपील की।
इधर हैदराबाद से भी गैस संकट की झलक देखने को मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में शहर के एक प्रतिष्ठित पिस्ता हाउस की रसोई में गैस की जगह लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाते हुए देखा गया। यह वीडियो मौजूदा हालात और गैस की कमी को लेकर चिंता बढ़ा रहा है।















