मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बहल पेपर मिल द्वारा उपलब्ध कराए गए दो वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। टनकपुर में आयोजित कार्यक्रम में इन वाहनों को जनपद की स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं के लिए समर्पित किया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एक वाहन चिकित्सा विभाग को सौंपा गया है, जिससे आपातकालीन स्थितियों में मरीजों तक शीघ्र पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी और सुदूर क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी। वहीं दूसरा वाहन राजकीय इंटर कॉलेज, मंच को दिया गया है, जो विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं छात्र-छात्राओं की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कॉरपोरेट जगत की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि विकास कार्यों में निजी क्षेत्र का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और सीएसआर मद से प्राप्त संसाधन इस दिशा में प्रभावी साबित होंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत चम्पावत के अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार व प्रकाश तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, उपाध्यक्ष भुवन पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनपद चम्पावत को शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।















