टोक्यो। सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की लोकप्रियता देश-विदेश में लगातार बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में जापान की राजधानी टोक्यो से उनका एक भावुक पल सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ‘पुष्पा 2: द रूल’ के प्रमोशन के सिलसिले में आयोजित एक मीट-एंड-ग्रीट इवेंट के दौरान अल्लू अर्जुन ने भीड़ में मौजूद एक जापानी फैन को पहचान लिया, जिसके बाद वह भावुक हो गई और रोने लगी।
दरअसल, ‘पुष्पा 2: द रूल’ 16 जनवरी को जापान में रिलीज हुई। फिल्म के प्रमोशन के लिए अल्लू अर्जुन अपने परिवार के साथ टोक्यो पहुंचे हुए हैं। इसी दौरान आयोजित फैन मीट में जब वह दर्शकों से बातचीत कर रहे थे, तब उनकी नजर एक जापानी लड़की पर पड़ी। अल्लू अर्जुन खुद उसके पास गए, गर्मजोशी से उसका अभिवादन किया और हाथ मिलाया। सुपरस्टार के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से वह फैन खुद को संभाल नहीं पाई और भावुक होकर रोने लगी। आसपास मौजूद लोग और उसकी दोस्त उसे सांत्वना देते नजर आए।
इस इमोशनल पल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर कंचन और पृथ्वी ने शेयर किया, जो उस समय जापान में फैन मीट का हिस्सा थे। वीडियो सामने आने के बाद फैंस ने अल्लू अर्जुन की सादगी और विनम्रता की जमकर तारीफ की।
इस बीच, अल्लू अर्जुन अपने परिवार के साथ जापान यात्रा का भी पूरा आनंद लेते दिखे। उनकी पत्नी स्नेहा रेड्डी ने इंस्टाग्राम पर ट्रिप से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। हाल ही में अल्लू अर्जुन ने टोक्यो के प्रसिद्ध सेंसो-जी बौद्ध मंदिर से एक फैमिली फोटो भी साझा की, जिसमें वे पत्नी स्नेहा और अपने बच्चों के साथ नजर आ रहे हैं।
‘पुष्पा 2: द रूल’ 4 दिसंबर 2024 को भारत में रिलीज हुई थी और फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1,871 करोड़ रुपये की कमाई की और यह अब तक की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन चुकी है। हालांकि जापान में फिल्म की ओपनिंग अपेक्षाकृत सामान्य रही। Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने जापान में पहले दिन करीब 886 एडमिशन दर्ज किए। तुलना करें तो एसएस राजामौली की ‘RRR’ ने अपने ओपनिंग डे पर 8,230 एडमिशन और ‘साहो’ ने 6,510 एडमिशन दर्ज किए थे।
फिर भी, अल्लू अर्जुन की मौजूदगी और फैंस का प्यार यह साफ दिखाता है कि ‘पुष्पा राज’ की दीवानगी अब भारत की सीमाओं से बाहर भी तेजी से फैल रही है।














