Advertisement

दून में श्रद्धा का सैलाब: 94 फीट ऊंचा पवित्र ध्वजदंड श्री दरबार साहिब पहुंचा, आज होगा श्री झंडे जी का आरोहण

देहरादून में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक Jhanda Mela के तहत शनिवार को आस्था और श्रद्धा के बीच 94 फीट ऊंचे पवित्र ध्वजदंड को संगत कंधों पर उठाकर Shri Darbar Sahib लाया गया। जयकारों और गुरु महिमा के उद्घोष के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

सुबह बॉम्बेबाग स्थित एसजीआरआर स्कूल में Mahant Devendra Das Maharaj ने संगत को दर्शन दिए। इसके बाद उनकी अगुवाई में संगत ने गुरु चरणों में अरदास अर्पित की। अरदास के बाद संगत ने नए पवित्र ध्वजदंड को अपने कंधों पर उठाया और श्री दरबार साहिब की ओर प्रस्थान किया।

ध्वजदंड को लेकर संगत जब पथरीबाग पहुंची तो पूरा माहौल भक्ति से सराबोर हो गया। यात्रा टीएचडीसी चौक, महंत इंदिरेश अस्पताल, लालपुल चौक, मातावाला बाग और सहारनपुर चौक होते हुए श्री दरबार साहिब पहुंची। इस दौरान रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और जगह-जगह प्रसाद वितरण किया गया।

महंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि झंडा महोत्सव प्रेम, स्नेह, सद्भाव, भाईचारे और मानवता का प्रतीक है। गुरु महाराज की कृपा और संगत की आस्था से यह मेला हर साल और अधिक भव्य और आध्यात्मिक स्वरूप में आयोजित होता है।

झंडा मेले के लिए संगत लगातार देहरादून पहुंच रही है। पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों से हजारों श्रद्धालु दरबार साहिब पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए एसजीआरआर स्कूल बिंदाल, तालाब, राजा रोड, भंडारी बाग और पटेलनगर सहित शहर की कई धर्मशालाओं में व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक लंगर भी लगाए गए हैं।

दून के ऐतिहासिक श्री झंडे जी का आरोहण रविवार को दोपहर के समय किया जाएगा। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्री दरबार साहिब प्रबंधन के अनुसार इस पवित्र क्षण के साक्षी बनने के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

श्री झंडे जी के आरोहण को देखने के लिए विदेशों से भी बड़ी संख्या में संगत देहरादून पहुंचेगी। मेला प्रभारी Vijay Gulati के अनुसार इस बार अमेरिका और लंदन समेत कई देशों में 800 से अधिक निमंत्रण भेजे गए हैं।

इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में दूनवासी भी दरबार साहिब पहुंचे और गुरु के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।