Advertisement

पाकिस्तान में दिल दहला देने वाली घटना, सिगरेट को लेकर हुए विवाद में मां ने बेटी की गला घोंटकर हत्या की

बहावलपुर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। बहावलपुर जिले के बस्ती सोकर इलाके में सिगरेट पीने को लेकर हुए झगड़े के बाद एक मां ने अपनी ही 16 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान आयशा (16) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी मां का नाम नबीला अहमद (45) बताया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नबीला अहमद और उनकी बेटी आयशा के बीच सिगरेट पीने को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था।
आयशा को अपनी मां का सार्वजनिक रूप से सिगरेट पीना बिल्कुल पसंद नहीं था और वह अक्सर उन्हें ऐसा करने से रोकती थी।

शनिवार रात भी जब आयशा ने अपनी मां को सिगरेट पीने से टोका, तो नबीला गुस्से से बेकाबू हो गई और कथित तौर पर उसने बेटी का गला घोंट दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद नबीला मौके से फरार हो गई। हालांकि परिवार के एक सदस्य की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
फोरेंसिक और क्राइम सीन यूनिट ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर लिए हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब पाकिस्तान में महिलाओं और किशोरियों के खिलाफ हिंसा के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पहले जून में 17 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सना यूसुफ की हत्या का मामला भी देशभर में चर्चा में रहा था।

सना यूसुफ, जो अपर चित्राल की मशहूर टिकटॉक क्रिएटर थीं और इंस्टाग्राम पर उनके करीब 5 लाख फॉलोअर्स थे, को कथित तौर पर एक रिश्तेदार ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह अपने कंटेंट के जरिए महिलाओं के अधिकारों, शिक्षा और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देती थीं।

इस ताजा घटना ने एक बार फिर पाकिस्तान में घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।