मुंबई, 30 अक्टूबर 2025:
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी की मां सुनंदा शेट्टी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लीलावती अस्पताल, मुंबई में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में सुनंदा शेट्टी की देखभाल के लिए शिल्पा शेट्टी भी वहां पहुंची। उनका अस्पताल में दौड़ते हुए दाखिल होने का वीडियो सामने आया है, जिसे सोशल मीडिया पर खूब देखा और शेयर किया जा रहा है।
वीडियो देखने के बाद फैंस और लोग सोशल मीडिया पर उनकी मां के जल्द स्वस्थ होने की दुआएं कर रहे हैं। शिल्पा और उनकी मां का खास रिश्ता है और शिल्पा अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी मां के प्रति प्यार और सम्मान व्यक्त करती रहती हैं। बीते 20 जून को शिल्पा ने अपनी मां का जन्मदिन मनाते हुए कुछ फोटो और वीडियो शेयर किए थे और उनके लिए एक भावुक नोट भी लिखा था।
हाल ही में शिल्पा शेट्टी का नाम 60 करोड़ रुपए के धोखाधड़ी मामले को लेकर सुर्खियों में रहा। इस मामले में शिल्पा और उनके पति राज कुंद्रा को लुकआउट सर्कुलर (LOC) नोटिस जारी किया गया था, जिसके तहत विदेश यात्रा पर रोक लग गई थी। शिल्पा ने इस पर याचिका दायर की थी, लेकिन इसे खारिज कर दिया गया। हालांकि, उनके वकील ने कोर्ट को बताया कि शिल्पा फिलहाल विदेश यात्रा की योजना आगे नहीं बढ़ा रही हैं।
कुछ दिन पहले शिल्पा ने बहन शमिता शेट्टी और पति राज कुंद्रा के साथ दिवाली का जश्न मनाते हुए तस्वीरें शेयर की थीं। तस्वीरों में परिवार पारंपरिक परिधानों में सजे और सजावट के बीच उत्सवी अंदाज में नजर आया।
काम की बात करें तो शिल्पा आखिरी बार रोहित शेट्टी की वेब सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ में दिखीं। फिलहाल वे नए प्रोजेक्ट ‘केडी द डेविल’ में काम कर रही हैं। अपने करियर में शिल्पा शेट्टी ने 59 से ज्यादा फिल्मों और रियलिटी शो में हिस्सा लिया है। उन्होंने साल 1993 में शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘बाजीगर’ से बॉलीवुड में कदम रखा था और इसके बाद लगातार हिट फिल्में दी।















