देहरादून।
नए साल की शुरुआत उत्तराखंड के आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के लिए खुशखबरी लेकर आई है। मंगलवार को राज्य सरकार ने प्रशासनिक और पुलिस सेवा के अधिकारियों की पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए। कार्मिक विभाग ने आईएएस अधिकारियों की पदोन्नति सूची जारी की, जबकि गृह विभाग की ओर से आईपीएस अधिकारियों के पदोन्नति आदेश जारी किए गए। ये सभी आदेश 1 जनवरी से प्रभावी होंगे।
2001 बैच के वरिष्ठ आईएएस एवं प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम को लेवल-15 ग्रेड में पदोन्नति दी गई है।
वहीं, 2010 बैच के आठ अपर सचिवों को सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें डॉ. अहमद इकबाल, सोनिका, रंजना राजगुरु, ईवा आशीष श्रीवास्तव, आनंद स्वरूप, देवकृष्ण तिवारी, उमेश नारायण पांडेय और राजेंद्र कुमार शामिल हैं। इनमें से ईवा आशीष श्रीवास्तव को प्रतिनियुक्ति पर होने के कारण परफॉर्मा प्रोन्नति दी गई है।
2013 बैच के आईएएस अधिकारियों मयूर दीक्षित, वंदना, विनीत कुमार, रीना जोशी और डॉ. आनंद श्रीवास्तव को चयन वेतनमान लेवल-13 में पदोन्नति मिली है।
2017 बैच के आईएएस अधिकारियों नमामि बंसल, गौरव कुमार, संदीप तिवारी, रवनीत चीमा, विनोद गिरी गोस्वामी, प्रशांत कुमार आर्या, आशीष कुमार भटगाई, प्रकाश चंद्र, दीप्ति सिंह और निधि यादव को कनिष्ठ प्रशासनिक वेतनमान लेवल-12 में प्रोन्नत किया गया है।
इसके अलावा 2022 बैच के आईएएस दीपक रामचंद्र सेठ, राहुल आनंद और आशिमा गोयल को वरिष्ठ वेतनमान लेवल-11 प्रदान किया गया है।
पुलिस सेवा में भी कई वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है। एडीजी अभिनव कुमार को डीजी रैंक में प्रोन्नत किया गया है। वहीं डीआईजी निवेदिता कुकरेती, पी. रेणुका देवी और बरिंदरजीत सिंह को आईजी पद पर पदोन्नति दी गई है।
इसके अलावा प्रहलाद नारायण मीणा, प्रीति प्रियदर्शिनी और यशवंत सिंह को एसएसपी से डीआईजी पद पर प्रोन्नत किया गया है। आईपीएस तृप्ति भट्ट और रामचंद्र राजगुरु को सेलेक्शन ग्रेड लेवल-13 दिया गया है। आईपीएस अर्पण यदुवंशी को जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड, जबकि आईपीएस निशा यादव और जितेंद्र चौधरी को वरिष्ठ वेतनमान लेवल-11 प्रदान किया गया है।
सरकार के इन फैसलों से राज्य के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में नई ऊर्जा और जिम्मेदारियों का विस्तार होने की उम्मीद जताई जा रही है।














