Advertisement

सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता सुनील मल्होत्रा का निधन, दिल्ली में हुआ अंतिम संस्कार

बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता सुनील मल्होत्रा का निधन हो गया है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने पिता के देहांत की जानकारी साझा की। पिता को अंतिम विदाई देने के लिए सिद्धार्थ अपनी पत्नी कियारा आडवाणी के साथ दिल्ली पहुंचे, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।

बताया जा रहा है कि सुनील मल्होत्रा मर्चेंट नेवी में पूर्व कप्तान थे। सिद्धार्थ इस मुश्किल घड़ी में परिवार के साथ रहने के लिए फिलहाल दिल्ली में ही मौजूद हैं। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर पिता के साथ कुछ पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए एक भावुक संदेश लिखा।

सिद्धार्थ ने अपने पोस्ट में लिखा, “वह सच्चे, ईमानदार और संस्कृति से जुड़े व्यक्ति थे। उन्होंने अपनी जिंदगी अपने मूल्यों पर जी, कभी समझौता नहीं किया। वह अनुशासित थे, लेकिन कठोर नहीं। ताकत थी, लेकिन घमंड नहीं। जिंदगी ने उनकी कई परीक्षाएं लीं, लेकिन वह हमेशा सकारात्मक रहे।”

उन्होंने आगे लिखा, “मर्चेंट नेवी के कैप्टन के रूप में समुद्रों का नेतृत्व करने से लेकर बीमारी का शांत और साहस के साथ सामना करने तक, उन्होंने कभी हार नहीं मानी। पापा, आपकी ईमानदारी मेरी विरासत है। आपकी शक्ति हर दिन मेरा मार्गदर्शन करती है। मैं आज जो कुछ भी हूं, आपकी वजह से ही हूं। लव यू पापा।”

सिद्धार्थ कई मौकों पर अपने पिता को अपना ‘असली हीरो’ बता चुके हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि उनके पिता ने ही उन्हें अनुशासन और कड़ी मेहनत का महत्व सिखाया।

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने 2012 में स्टूडेंट ऑफ द ईयर से बॉलीवुड में डेब्यू किया था, जिसमें उनके साथ आलिया भट्ट और वरुण धवन भी नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने एक विलेन, मिशन मजनू और शेरशाह जैसी फिल्मों में अभिनय कर दर्शकों का दिल जीता। खासकर ‘शेरशाह’ में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली थी।

साल 2023 में उन्होंने कियारा आडवाणी से शादी की थी और 2025 में उनके घर बेटी का जन्म हुआ।

इस दुखद घड़ी में फिल्म जगत और उनके प्रशंसक परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।