Advertisement

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, कश्मीर में नए साल पर बर्फबारी के आसार

नई दिल्ली: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर में जल्द ही बर्फबारी का नया दौर शुरू हो सकता है, जबकि उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार और मध्य प्रदेश में शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

सोमवार (29 दिसंबर) की सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। कई स्थानों पर विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई, जिसके कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक जनवरी तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान वाहन चालकों को सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट के इस्तेमाल की सलाह दी गई है।

आईएमडी के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में 29 दिसंबर तक, जबकि सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, मेघालय, अन्य पूर्वोत्तर राज्यों और ओडिशा में एक जनवरी तक कुछ इलाकों में घना कोहरा बना रह सकता है।

मौसम विभाग ने घने कोहरे को लेकर कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है।
ऑरेंज अलर्ट पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर और नागालैंड में जारी किया गया है।
वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में शीतलहर की चेतावनी भी दी गई है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार कश्मीर घाटी में नए साल के आसपास बारिश और बर्फबारी का एक और दौर शुरू हो सकता है। घाटी के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान लगातार शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

पंजाब और हरियाणा में भी रविवार को कड़ाके की ठंड जारी रही। हरियाणा के हिसार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। नारनौल में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रोहतक में यह 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने लोगों से ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।