एंजेल चकमा हत्याकांड: मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी पुलिस के बेहद करीब, नेपाल में भी छापेमारी

देहरादून। त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा हत्याकांड के मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी की गिरफ्तारी के लिए दून पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आरोपी के बारे में अहम सुराग मिले हैं और पुलिस टीम उसके बेहद करीब पहुंच चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि वह शुक्रवार रात तक पुलिस के हत्थे चढ़ सकता है।

मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी पिछले 15 दिनों से पुलिस को चकमा दे रहा है। उसकी तलाश में न सिर्फ दून पुलिस जुटी हुई है, बल्कि नेपाल पुलिस भी उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। दोनों देशों की पुलिस लगातार संपर्क में है और संयुक्त प्रयासों से आरोपी को ट्रेस किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 9 दिसंबर को सेलाकुई में हुई हिंसक घटना में एंजेल चकमा गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान 26 दिसंबर को उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने पहले 14 दिसंबर को छह आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था, जिसे बाद में एंजेल की मौत के बाद हत्या की धाराओं में तब्दील कर दिया गया।

पुलिस अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। नेपाल पुलिस ने भी आरोपी के घर सहित कई स्थानों पर तलाशी ली, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है।

पुलिस का अनुमान है कि आरोपी सीमावर्ती इलाके में ही छिपा हुआ है और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है। उसे पकड़ने के लिए तकनीकी सर्विलांस और फील्ड इनपुट्स के जरिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

इस संबंध में एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि एंजेल चकमा हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से मामले में अहम खुलासे होंगे।