Advertisement

देहरादून का घण्टाघर नए रूप में हुआ रोशन, महिलाओं के लिए हिलांस आउटलेट्स की शुरुआत

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के केंद्र बिंदु घण्टाघर के सौंदर्यीकरण और स्वचालित प्रकाश व्यवस्था का उद्घाटन किया। अब यह ऐतिहासिक स्थल दिन के साथ-साथ रात में भी अपनी आभा और आकर्षण से लोगों को आकर्षित करेगा।

करीब 1.5 करोड़ रुपये की लागत से घण्टाघर को भव्य और आधुनिक स्वरूप दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह स्थल देहरादून की पहचान है, इसका नया रूप न केवल सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि पर्यटन को भी प्रोत्साहन देगा।” मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) द्वारा संचालित चार हिलांस-कम-किचन आउटलेट्स का भी शुभारंभ किया। ये आउटलेट्स कलेक्ट्रेट, कोरोनेशन अस्पताल, गुच्चुपानी और आईएसबीटी में खोले गए हैं।

इनका उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और स्थानीय पहाड़ी उत्पादों को बाज़ार देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, “यह पहल मातृशक्ति के सशक्तिकरण के साथ-साथ लोकल उत्पादों के प्रचार में भी सहायक होगी।”

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भिक्षा मुक्त बाल्यावस्था के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की जानकारी भी दी। अब तक 51 बच्चों को रेस्क्यू कर स्कूलों में दाखिला दिया गया है। दूसरे चरण में 31 बच्चों को और स्कूलों से जोड़ा गया है।

इन बच्चों के लिए साधूराम इंटर कॉलेज में एक इंटेसिव केयर सेंटर भी बनाया जा रहा है, जिसकी लागत 1.5 करोड़ रुपये से अधिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में वर्तमान में लगभग ₹1400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम हो रहा है। इनमें शामिल हैं:

30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन

11 स्थानों पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन

भूमिगत पार्किंग स्थलों का निर्माण

रिस्पना और बिंदाल नदियों पर एलिवेटेड रोड की योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार देहरादून को एक स्मार्ट, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के लिए जन सहभागिता के साथ लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा, “हम तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक राज्य का हर बच्चा स्कूल नहीं जाता, हर महिला आत्मनिर्भर नहीं बनती और हर नागरिक अपने शहर पर गर्व महसूस नहीं करता।”

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, विधायक, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।