Uttarakhand online news
देहरादून, । बेटे अहान शेट्टी की याद आई तो अभिनेता सुनील शेट्टी पत्नी माना शेट्टी के साथ मसूरी पहुंच गए। अहान पिछले 38 दिन से मसूरी में फिल्म ‘तड़प’ की शूटिंग कर रहे हैं। इस फिल्म में अभिनेत्री तारा सुतारिया अहम भूमिका निभा रही हैं।
अभिनेता सुनील शेट्टी शुक्रवार को पत्नी के साथ मसूरी पहुंचे। मसूरी पहुंचते ही सुनील शेट्टी सबसे पहले फिल्म के सेट पर पहुंचे और अहान से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि उन्होंने यूनिट के अन्य सदस्यों से भी मुलाकात की और उन्हें फिल्म के लिए शुभकामनाएं दीं। सूत्रों के मुताबिक, सुनील शेट्टी यूनिट के हर सदस्य से मिले। उन्होंने यहां के मोमोज और मौसम की काफी तारीफ की। पत्नी माना शेट्टी के साथ कई फोटो भी खिंचवाई। साथ ही इंस्टाग्राम में शेयर की हैं।
तमिल फिल्म आरएक्स-100 की रीमेक ‘तड़प’ की शूटिंग के लिए 22 अक्टूबर को ही अहान शेट्टी मसूरी पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने देहरादून, मसूरी में विभिन्न लोकेशन में शूटिंग की। निर्देशक मिलन लूथरिया की इस फिल्म के जरिये ही अहान बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं। शायद यह भी एक कारण है कि अभिनेता सुनील शेट्टी यहां पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म में एक्शन और रोमांस होगा। देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश की विभिन्न लोकेशन में फिल्म की शूटिंग चल रही है। फिल्म में सौरभ शुक्ला भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।