Uttarakhand online news
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के बीच बड़ी खबर आ रही है। गुमला जिले के सिसई में मतदान केंद्र संख्या 36 पर वोटरों के पथराव के बाद पुलिस फायरिंग हुई है। फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई है। बताया गया कि मतदान कर्मी मौके से भाग खड़े हुए हैं। मतदाताओं का आरोप है कि उन्हें वोट देने से जबरन रोका गया, जिसके बाद लोगों ने यहां पथराव शुरू कर दिया। इधर, चुनाव आयोग ने फायरिंग की इस घटना पर संज्ञान लिया है और पूरे मामले पर रिपोर्ट मांगी है। निर्वाचन आयोग के पदाधिकारी फायरिंग वाले मतदान केंद्र पर पहुंच गए हैं। ग्रामीणों द्वारा पत्रकार पर भी हमला हुआ है। आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है। CRPF बटालियन गांव में पहुंच गयी है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने इस मामले में डीसी से रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने डीसी और एसपी को वहां अविलंब जाकर आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया। गुमला के मतदान केंद्र संख्या 36 पर हुई गोलीबारी में घायल मोहम्मद तबरेज को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया है। घायल थाना प्रभारी विष्णु देव चौधरी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनके सिर में गहरे जख्म के निशान हैं। गुमला के एसपी ने बताया कि सिसई के बूथ नंबर 36 पर मतदान बाधित होने की खबर मिली है। यहां वोटरों की ओर से मतदान केंद्र पर पथराव किया गया है। पुलिस फायरिंग की सूचना मिली है। बताया गया है कि यहां वोटरों ने वोट देने से रोकने का आरोप लगाते हुए सुरक्षा बलों पर अचानक पथराव शुरू कर दिया है। पुलिस बल ने यहां आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की है। पुलिस के मुताबिक मतदान कर्मी खुद को बचाने के लिए बूथ से भागकर एक कमरे में बंद हो गए हैं। एसपी ने कहा कि अतिरिक्त पुलिस बल मतदान केंद्र पर भेजे जा रहे हैं।
गुमला के सिसई में ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई है। इस झड़प में आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। जिसमें थाना प्रभारी विष्णु देव चौधरी भी नाम शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस के जवान अखिलेश यादव और राहुल भी घायल हुए हैं। बीडीओ के चालक सीताराम सिंह और पत्रकार सीताराम साहू भी पथराव में घायल हुए हैं।