ताजा खबरें >- :
शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने दिया  मुख्यमंत्री पद से  इस्तीफा

शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने दिया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा

शुक्रवार को इस्तीफा देने वाले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के साथ कई मिथक भी जुड़ गए हैं। वह ऐसे पहले मुख्यमंत्री बन गए, जो मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान विधानसभा के सदस्य नहीं रहे। अब तक के मुख्यमंत्रियों के रूप में उनका कार्यकाल सबसे छोटा रहा। यही नहीं, वे राज्य के ऐसे मुख्यमंत्री भी रहे, जिनके कार्यकाल में एक भी विधानसभा सत्र नहीं हुआ।तीरथ सिंह रावत गढ़वाल संसदीय सीट से सांसद हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार में हुए नेतृत्व परिवर्तन में पार्टी हाईकमान ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को हटाकर तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री की कमान सौंपी थी। तीरथ ने 10 मार्च को बतौर मुख्यमंत्री शपथ ली और दो जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दिया। इस तरह उनका कार्यकाल महज 114 दिन का रहा।

इससे पहले राज्य गठन के बाद बनी अंतरिम सरकार में दूसरे मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी का कार्यकाल करीब चार माह रहा था। अलबत्ता वह पहले विधानसभा चुनाव के दौरान काफी दिन कार्यवाहक मुख्यमंत्री रहे।तीरथ सिंह रावत ने देर रात सीएम पद से इस्तीफा दिया था। वे पिछले तीन दिनों से दिल्ली में रुके हुए थे। शुक्रवार दोपहर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके विधानसभा उप चुनाव में आ रही संवैधानिक अड़चन की जानकारी देते हुए साफ कर दिया कि उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ेगा। इसके बाद तीरथ उन्हें अपने इस्तीफे की पेशकश का पत्र सौंप देहरादून लौट आए। मुख्यमंत्री तीरथ ने रात्रि सवा 11 बजे राजभवन जाकर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा मंजूर करते हुए नए मुख्यमंत्री के कार्यभार संभालने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने को कहा।

Related Posts