Uttarakhand online news
उत्तराखंड मीडिया: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे नारायण दत्त तिवारी के बेटे रोहित शेखर (39) का निधन हो गया है। पुलिस ने बताया कि साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में रोहित को जब लाया गया, तब उनकी मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में अभी और ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है।
मां उज्ज्वला ने कहा- बेटे की मौत स्वाभाविक
पुलिस ने कहा कि रोहित की अचानक मौत की वजह अभी नहीं पता चल पाई है। रोहित की नाक से खून निकल रहा था। इस बात की जानकारी नौकर ने रोहित की मां उज्ज्वला को दी थी। रोहित की मां घर पर नहीं थीं, वह चेकअप के लिए अस्पताल गई हुई थीं। पुलिस ने रोहित के डिफेंस कॉलोनी स्थित घर को सीज कर दिया है। मौत के कारण तलाशने के लिए जांच की जा रही है। उधर, उज्ज्वला तिवारी ने कहा कि मेरे बेटे की मृत्यु स्वाभाविक है। मुझे इसमें कोई भी शक नहीं है। मैं रोहित की मृत्यु के कारणों का खुलासा बाद में करूंगी कि किन हालत में ऐसा हुआ।
2014 में एनडी तिवारी ने रोहित को अपना बेटा स्वीकार किया था
रोहित अपने पिता एनडी तिवारी के साथ लंबे समय तक चले पितृत्व विवाद को लेकर चर्चा में आए थे। वे लंबे समय तक रोहित को अपना बेटा माननने से इनकार करते रहे थे। 2014 में तिवारी ने अदालत के आदेश के बाद रोहित को अपना बेटा स्वीकार कर लिया था। एनडी तिवारी का 93 वर्ष की आयु में 18 अक्टूबर 2018 को निधन हो गया था।