ताजा खबरें >- :
भाजपा की विधायक दल की बैठक में उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर

भाजपा की विधायक दल की बैठक में उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर

आज हुई भाजपा की विधायक दल की बैठक में उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग गयी है। उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत होंगे। इसी के साथ बीते 5 दिनों से चल रही उठापठक को विराम लग गया है।
तीरथ सिंह रावत गढ़वाल से सांसद हैं। वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इनका नाम प्रस्तावित किया है। वे अब उत्तराखण्ड के 11वें सीएम होंगे।
56 साल के तीरथ सिंह रावत संघ से जुड़े हुए हैं। वो RSS के प्रचारक रह चुके हैं। अखिल विद्यार्थी परिषद के लिए भी काम कर चुके हैं। तीरथ सिंह रावत साल 1997 से 2002 के बीच यूपी विधानपरिषद के सदस्य रह चुके हैं। वो साल 2000 से साल 2002 के बीच उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री रह चुके हैं। साल 2012 में 2017 के बीच वो उत्तराखंड के विधायक रहे। मई 2019 में वो लोकसभा का चुनाव जीते।
बता दें कि कल त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस्तीफा देने के बाद से कई नाम पर चर्चा चल रही थी, लेकिन विधायक दल की बैठक में तीरथ सिंह रावत के नाम पर मुहर लगी। बताया जा रहा है कि शाम चार बजे वह मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
तीरथ सिंह रावत का नाम पहले से चर्चाओं में नहीं था। अचानक ये नाम सामने आया और अब उनके सिर पर मुख्यमंत्री का ताज सजेगा। बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के साथ भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम समेत सभी विधायक मौजूद रहे।

Related Posts