Uttarakhand online news
नई दिल्ली, । दिल्ली-यूपी, बिहार और महाराष्ट्र समेत देश के तमाम राज्य महिला सुरक्षा को लेकर लाख दावे करें, लेकिन ये दावे हकीकत से कोसों दूर हैं। रांची और हैदराबाद (तेलंगाना) में महिला डॉक्टर समेत कई महिलाओं के खिलाफ तथाकथित दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं ने पूरे देश के लोगों को हिलाकर रख दिया है। आलम यह है कि कई राज्यों में लोग इस दरिंदगी के खिलाफ सड़कों पर हैं। इस बीच दिल्ली में शनिवार को पार्लियामेंट भवन के बाहर प्रदर्शन कर रही एक लड़की ने सवाल किया है- ‘आखिर क्यों मैं भारत में सुरक्षित महसूस नहीं करती? प्रदर्शन कर रही इस लड़की का नाम अनु दुबे है। इस लड़की के साथ दिल्ली पुलिस कर्मियों द्वारा मारपीट करने के साथ बदसलूकी की बात भी सामने आई है।
प्लेकार्ड पर लिखा है ‘मैं भारत में क्यों नहीं सुरक्षित महसूस करती?’
महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के विरोध में एक किशोर लड़की शनिवार सुबह संसद के पास फुटपाथ पर शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गई, हालांकि पुलिस ने उसे वहां से जबरन हटा दिया। इतना ही नहीं, उसे पुलिस पकड़कर थाने भी लाई थी। इस लड़की के पास पोस्टर-बैनर भी मौजूद हैं, जिस पर लिखा है- ‘मैं भारत में क्यों नहीं सुरक्षित महसूस करती?’ वहीं लड़की का कहना है कि उसके साथ तीन महिला पुलिसकर्मियों ने मारपीट की है। इस आरोप के बाद लड़की का मेडिकल कराने के लिए अस्पताल ले जाया गया है।