भाजपा सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के इस वरिष्ठ नेता की भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से तीन बार बैठक हो चुकी है। अभी कुछ और बिंदुओं पर बातचीत होनी है।यदि सब कुछ योजनानुसार चला तो कांग्रेस के ये नेता जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे। इसके लिए उपयुक्त समय की प्रतीक्षा है। मुख्यमंत्री के चम्पावत सीट से उपचुनाव से पहले भाजपा की ओर से कांग्रेस को यह जोर का झटका दिया जा सकता है।सूत्रों का कहना है कि यदि यह नेता भाजपा में आते हैं तो कांग्रेस में पिछले छह साल में यह दूसरी बड़ी टूट होगी। इस नेता का एक बड़े क्षेत्र में प्रभाव है और उनके भाजपा में शामिल होने से वहां का कांग्रेस संगठन भी भाजपा का हिस्सा बन जाएगा। इसके साथ ही कुछ अन्य नेता भी भाजपा का रुख कर सकते हैं। इससे पहले मार्च 2016 के राजनीतिक घटनाक्रम में कांग्रेस के नौ विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे।