Uttarakhand online news
उत्तराखंड के धारचूला में रांथी जा रही एक जीप के तांथर मोड़ पर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी. हादसे में कार में सवार चालक और एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वाहन में सवार तीनों महिलाएं बाजार से खरीदारी करके लौट रही थीं।
धारचूला से रांथी जा रही बोलेरो कैंपर (यूके 05सीए-0775) शुक्रवार को दिन में तीन बजे दोबाट से आगे तांथर मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट नीचे सड़क पर गिर गई। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार भुवन लाल वर्मा, पटवारी नंद लाल, हुकुम सिंह, एसओ विजेंद्र शाह रेस्क्यू टीम ने घायल चालक बलवंत सिंह (33) पुत्र जगत सिंह, रेखा देवी (21) पत्नी प्रेम सिंह, कोसी देवी (27) पत्नी गोपाल सिंह और धौली देवी (35) पत्नी रूप सिंह (सभी रांथी निवासी) को 108 एंबुलेंस में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। अस्पताल लाते समय रास्ते में चालक बलवंत सिंह की नब्ज थम गई, जबकि इलाज के दौरान रेखा देवी की भी मौत हो गई।
डॉक्टरों ने कोसी देवी और धौली देवी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि रेखा देवी का एक साल पहले ही विवाह हुआ था। उनके पति सेना में हैं। रांथी के सामाजिक कार्यकर्ता केशर सिंह धामी और हर सिंह धामी ने बताया कि दोबाट-रांथी सड़क पर उक्त स्थल पर पूर्व में भी हादसे हो चुके हैं। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि तीन वर्ष पूर्व दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई दीवार को आज तक ठीक नहीं किया गया है।