ताजा खबरें >- :
प्रधानमंत्री 30 मई को उत्तराखंड के सभी 16674 गांवों में भाजपा कार्यकर्त्‍ता सेवा कार्य में जुटेंगे

प्रधानमंत्री 30 मई को उत्तराखंड के सभी 16674 गांवों में भाजपा कार्यकर्त्‍ता सेवा कार्य में जुटेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 30 मई को उत्तराखंड के सभी 16674 गांवों में भाजपा कार्यकर्त्‍ता सेवा कार्य में जुटेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से हुई बैठक में इस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सेवा ही संकल्प को मूर्त रूप देने से हम निश्चित रूप से कोरोना को हराने में सफल होंगे। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा।

प्रदेश प्रभारी गौतम ने पार्टी विधायकों, सांसदों, प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों के साथ हुई बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी ने तय किया है कि राजनीति के अवसर आते रहेंगे, लेकिन जो हमारी पहचान है, उसके माध्यम से सेवा ही संकल्प को मूर्त रूप देना होगा। इसी के तहत 30 मई को विधायक, सांसद, जिलाध्यक्ष और कार्यकर्त्‍ता प्रत्येक गांव में जाकर सेवा कार्य करेंगे। साथ ही जनता की समस्याओं के निवारण के लिए उच्च स्तर पर भी वार्ता करेंगे।

उन्होंने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज कोरोना के दौर में विपक्षी निचले स्तर की राजनीति कर रहे हैं। विरोधी दलों ने स्वस्थ व्यक्तियों को हास्पिटल में भर्ती कराकर देश में अफरातफरी का माहौल दिखाने की कोशिश की और भय का माहौल तैयार किया। प्रधानमंत्री ने जैसे ही आक्सीजन का आडिट करने की बात कही तो सभी गैर भाजपा शासित राज्यों ने कहा कि आक्सीजन की कोई कमी नहीं है, जिसकी वास्तविकता आज देश के सामने है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर स्थिति पर नजर रखे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने 30 मई के कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि मंत्री किसी भी गांव में नहीं जाएंगे, लेकिन वे जिलाध्यक्ष, कार्यकर्त्‍ताओं के माध्यम से सेवा कार्य कराएंगे। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने कहा कि कार्यकर्त्‍ताओं को हर गांव में पहुंचना है। संचालन प्रदेश महामंत्री सुरेश भट ने किया।

Related Posts