ताजा खबरें >- :
भाजपा विधायक सुरेश राठौर पर दुष्कर्म का केस दर्ज

भाजपा विधायक सुरेश राठौर पर दुष्कर्म का केस दर्ज

उत्तराखंड में भाजपा विधायकों के कारनामे अकसर खुल कर सामने आ ही जाते हैं। कुछ महीनों पहले भाजपा के द्वाराहाट विधायक महेश नेगी के खिलाफ एक महिला द्वारा दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले में दून पुलिस द्वारा जब काफी लंबे समय तक विधायक के खिलाफ महिला की शिकायत दर्ज नहीं की गई थी तो महिला ने हाईकोर्ट की शरण ली थी। और कोर्ट के निर्देशों के बाद ही विधायक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। इस समय मामला कोर्ट में चल रहा है।
वहीं अब भाजपा के ज्वालापुर से विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ हरिद्वार बहादराबाद थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है। यहां भी हाईकोर्ट के आदेश के बाद ही आरोपी विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वादिनी सुलेखा ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी जिसके बाद हाईकोर्ट द्वारा पुलिस को इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। जिसके बाद आज विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं अब इस चुनावी साल में भाजपा के एक और विधायक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज होने पर विपक्षी पार्टियों को एक और मुद्दा भाजपा व सरकार को घेरने के लिए मिल गया है।

विदित हो कि इससे पहले मई माह में ज्वालापुर के भाजपा विधायक सुरेश राठौर को एक अश्लील वीडियो के सहारे ब्लैकमेल कर 30 लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया था। उस समय हैरत इस बात की थी कि उस मामले में विधायक की एक महिला समर्थक भी शामिल थी। रंगदारी मांगने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने चंद घंटों में ही महिला सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो न्यूज पोर्टल के कथित मीडियाकर्मी भी शामिल थे। आरोपितों के पास से पुलिस ने पांच मोबाइल बरामद किए थे।
ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर ने एसएसपी सेंथिल अवूदई कृष्णराज एस को एक शिकायत देकर बताया था कि 22 मई की शाम मीडियाकर्मी रणवीर गौतम निवासी बेलडा, रुड़की ने उनके मोबाइल पर एक वीडियो भेजी। इसके बाद उसने विधायक को कॉल की और वीडियो के बारे में बात की। विधायक का कहना था कि इस वीडियो से उनका कोई संबंध नहीं है। आरोप है कि रणवीर गौतम ने कहा कि वीडियो वायरल होने से रोकने के लिए विधायक को सतीश दास निवासी खरकडी नागल सहारनपुर, एसडी गौतम निवासी भाटबेडी नागल सहारनपुर और महिला नेता सुरेखा व उसके पति बिजेंद्र निवासी बेगमपुर बहादराबाद से बात करनी होगी।

Related Posts